अमेठी पुलिस का “ऑपरेशन लंगड़ा” जिले में तेजी से चल रहा है। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दूसरे एनकाउंटर में दो गौकशों को गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ में एक गौकश के पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार गौकशों के पास से गौवध के उपकरण, तमंचा, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इन दोनों आरोपियों पर अमेठी और पड़ोसी जिलों के कई थानों में गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
कहां और कैसे हुआ एनकाउंटर ?
यह घटना कमरौली थाना क्षेत्र के कठौरा स्थित निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज के पास के एक खंडहर में हुई। देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ गौकश आवारा जानवरों को पकड़कर गौकशी करने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही कमरौली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और खंडहर में मौजूद गौकशों को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरा देख गौकशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।
गौकशों की गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गौकश अरशद उर्फ सोनू के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा गौकश हसीब उर्फ लादेन भागने की कोशिश में पुलिस के हाथों पकड़ा गया। घायल अरशद को तुरंत इलाज के लिए जगदीशपुर सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।पुलिस ने इनके पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, गौवध करने के उपकरण जैसे लकड़ी का ठीहा, चापड़, तराजू, बांट और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों पर अमेठी और आसपास के जिलों में 17 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।सीओ अतुल सिंह का बयान मुसाफिरखाना सीओ अतुल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “हमें सूचना मिली थी कि कुछ गौकश निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज के पास खंडहर में गौकशी की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की, जिस पर गौकशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक गौकश घायल हुआ और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।”इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश गया है, और “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत अमेठी पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है।