अमेठी के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के जैनबगंज बाजार में बुधवार को चाय की दुकान पर हुई मारपीट के मामले में अब नया मोड आ गया। विपक्षियों की तहरीर पर दुकान पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि का भी नाम FIR में दर्ज होने से बाजार शुक्ल ब्लॉक का प्रधान संघ थाने के सामने प्रदर्शन कर प्रधान प्रतिनिधि का नाम FIR से निकाले जाने की मांग कर रहा है। प्रधानों के प्रदर्शन की खबर सुनकर थाना प्रभारी प्रदर्शनकारियों के बीच उनसे बातचीत की।प्रधान संघ के अध्यक्ष ने बाजार शुक्ल थाना प्रभारी से थाने की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि थाने में बैठे कुछ लोगों के इशारे पर ही थाना चलता है। वहां और फरियादियों की फरियाद दलालों के माध्यम से ही सुनी जाती है जिसमें काम कराने के बदले दो हजार से लेकर पांच हजार रुपए तक की मांग की जाती है। प्रधान संघ के अध्यक्ष ने थाने के पुलिस कर्मियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि यहां के सिपाही पैसे लेकर अवैध कटान कराते हैं, नांदी में पीपे के पुल के पास बैठकर अवैध वसूली करते हैं। उन्होंने थाना प्रभारी से कहा कि कल की घटना में प्रधान प्रतिनिधि वहां पहुंचे थे जिनका इस मामले से कोई लेना देना नहीं था। वहां उनके मौजूद रहने से उनका नाम FIR में डाला गया है जो पूर्णतया गलत है। प्रधान संघ के अध्यक्ष ने कहा जिस मामले से प्रधान प्रतिनिधि से कोई मतलब नहीं था उसमें उनका नाम क्यों लिखा गया, जांचकर उनका नाम निकाला जाए। प्रदर्शन के दौरान सभी ग्राम प्रधानों के साथ साथ उनके समर्थक भी मौजूद रहे।