अमेठी जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के महम्मदपुर गांव में बीते शनिवार की रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, घटना से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। आपको बता दें कल देर शाम अमेठी एसपी अनूप सिंह का स्थानांतरण हुआ था और कासगंज की पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक को शान द्वारा अमेठी जिले की जिम्मेदारी दी गई थी। नए एसपी के चार्ज लेने से पहले ही अमेठी गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज गई।पूरा मामला जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के महम्मदपुर गांव का है जहां निवासी अनीत प्रताप सिंह दरवाजे पर खड़ा होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। तभी अचानक एक कार में सवार बदमाश वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में अनीत के हाथ और पैर में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल अनीत को परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए लखनऊ ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि घायल युवक अनीत प्रताप सिंह को गोली उसके ही दोस्तों ने मारी है। सीओ के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
गांव में दहशत का माहौल।
गोलीकांड के बाद से महम्मदपुर गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाएगी फिलहाल घायल अनीत प्रताप सिंह का इलाज लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा है पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।