अमरोहा के दुद्धी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय रक्तक्रांति वीर समारोह में हुए सम्मानित! सीओ ऑफिस मुसाफिरखाना जनपद अमेठी में तैनात आरक्षी मोहित राजकुमार गुर्जर को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ है। सोनभद्र के दुद्धी नगर में प्रगति फाउंडेशन द्वारा आयोजित द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय रक्तक्रांति वीर सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सोनभद्र के विधायक भूपेश चौबे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि श्रवण सिंह गौड़, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह और चेयरमैन कमलेश मोहन ने मेडल, मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर आरक्षी मोहित को सम्मानित किया। समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ नेपाल और भूटान से भी रक्तदाता शामिल हुए। कई ऐसे रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 100 से अधिक बार रक्तदान किया है। कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति और करमा सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।मोहित राजकुमार गुर्जर अमरोहा जिले के ग्राम मिलक बिकनी के रहने वाले हैं। पुलिस विभाग में आने से पहले भी वे विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उन्हें इससे पहले भी कई अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल चुके हैं। मुसाफिरखाना के पुलिस आरक्षी मोहित राजकुमार गुर्जर को उनके उत्कृष्ट कार्य और समाज सेवा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। सम्मान प्राप्त करने के बाद आरक्षी मोहित ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी टीम को दिया। उन्होंने क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही अपने माता-पिता और सहयोगी साथियों का भी धन्यवाद किया। मोहित की टीम में मुख्य आरक्षी अविनाश विश्वकर्मा, आरक्षी शिवदयाल राठौर, दीपक यादव, मुकेश कुमार और निर्भय शुक्ला शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी लोगों को समर्पित है, जो समाज सेवा के क्षेत्र में उनका मनोबल बढ़ाते हैं। क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सिंह लगातार अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को सामाजिक कार्य और लोगों की मदद के लिए प्रेरित करते रहते हैं। मोहित ने प्रगति फाउंडेशन दुद्धी सोनभद्र की टीम और विकास अग्रहरि का भी आभार व्यक्त किया।