अमेठी सांसद पर पत्रकारों से भेदभाव का आरोप,दीपावली पर चुनिंदा पत्रकारों को ही भेजे उपहार!

अमेठी के बाजार शुकुल क्षेत्र स्थित सत्थिन सहित समूचे अमेठी में दीपावली के अवसर पर पत्रकारों को उपहार भेजने में कथित तौर पर भेदभाव का आरोप लगा है। कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा द्वारा भेजे गए इन उपहारों में कुछ चुनिंदा पत्रकारों को ही स्ट्रीट लाइट और मिठाई भेजी गई है।

एक पत्रकार ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी ने सभी पत्रकारों को समान रूप से दीपावली के उपहार भेजे थे, जिससे सभी संतुष्ट थे। वर्तमान स्थिति को देखते हुए कुछ पत्रकारों ने सांसद किशोरी लाल शर्मा पर पत्रकारों को बांटने का आरोप लगाया है, जिससे उनमें रोष है।

हालांकि, सोलर लाइट प्राप्त करने वाले कुछ पत्रकारों ने सांसद किशोरी लाल शर्मा का आभार भी व्यक्त किया है। इस संबंध में सांसद किशोरी लाल शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

विधान केसरी के ब्यूरो चीफ महेश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि अमेठी के सांसद पत्रकारों में भी भेदभाव कर रहे हैं, जो निंदनीय है। वहीं, पत्रकार अखिलेश कुमार ने पोस्ट किया कि अमेठी के पत्रकारों को पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का कार्यकाल याद आ रहा है, जब भेदभाव नहीं था। उन्होंने वर्तमान स्थिति को भेदभाव का दौर बताया।

इन पोस्टों पर टिप्पणी करते हुए एक यूजर जगन्नाथ मिश्रा ने लिखा कि ऐसे सांसद की अमेठी में आवश्यकता नहीं है जो सौतेला व्यवहार करता हो और जनता के बजाय चाटुकारों की सुनता हो। एक अन्य यूजर मथुरा कश्यप ने लिखा कि किसी गांव में 20 लाइटें लगीं तो किसी गांव में शून्य।