अमेठी के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में प्रार्थना सभा की आड़ में चल रहे धर्मांतरण कराने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गांव के ही एक युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के पास से ईसाई धर्म से जुड़े तमाम प्रचार प्रसार सामग्री, पुस्तकों सहित बैंक पासबुक व चेक बुक बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।दरअसल ये पूरा मामला बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के पूरे जगईपांडेय का है। यहां गांव के रहने वाले सतीश कुमार ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया कि बाराबंकी जिले की के हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र के रतौली मठ कुड़वा का रहने वाला प्रहलाद अपनी पत्नी श्रीमती के साथ गांव के ही सूर्यकला के घर के अंदर कुछ गरीब, बीमार, दलित महिलाओं को इकट्ठा कर उनका धर्म परिवर्तन करा रहा था। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो मौके पर मौजूद बड़ी संख्या में महिलाएं उग्र हो गईं।इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बाजार शुकुल एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि ग्रामीण की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।