साइट समस्या से रुका मनरेगा भुगतान, डीसी मनरेगा ने लखनऊ में उठाई आवाज़।

सुल्तानपुर,कादीपुर, दुबेपुर, दोस्तपुर और कूरेभार की दर्जनों फाइलें रिजेक्ट, ग्राम प्रधानों से सहयोग की अपील

 

जनपद सुल्तानपुर में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत वर्ष 2023-24 के पक्के कार्यों के भुगतान में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। साइट में खराबी के कारण कई विकासखंडों में फाइलें अपलोड नहीं हो पा रही हैं या रिजेक्ट हो रही हैं, जिससे लाभार्थियों को समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा।

 

डीसी मनरेगा अजीत कुमार सिंह ने इस समस्या को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए लखनऊ स्थित मनरेगा सेल से बात की और तत्काल समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि कई विकासखंडों से लगातार साइट की खराबी को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिनमें कादीपुर, दुबेपुर, दोस्तपुर व कूरेभार प्रमुख हैं।

 

🔴 रिजेक्ट हुई फाइलों का आंकड़ा:

 

कादीपुर : 1 फाइल

 

दुबेपुर : 23 फाइलें

 

दोस्तपुर : 13 फाइलें

 

कूरेभार : 38 फाइलें

 

 

डीसी मनरेगा ने बताया कि सभी रिजेक्ट फाइलों की सूचना शासन को भेज दी गई है। साइट ठीक होते ही नए सिरे से FTO (फंड ट्रांसफर ऑर्डर) तैयार किया जाएगा और भुगतान प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी जाएगी।

 

🔶 ग्राम प्रधानों से अपील:

 

डीसी मनरेगा ने ग्राम प्रधानों व जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मनरेगा कर्मियों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही तकनीकी समस्या दूर होगी, समस्त लंबित भुगतानों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से कर दिया जाएगा।

 

👉🏻 यह पहल जिले में मनरेगा भुगतान प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।