अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज में शराब की दुकानों पर मनमानी कीमत वसूली जा रही है। आबकारी विभाग की कथित लापरवाही के चलते प्रिंट रेट से अधिक दाम पर शराब बेची जा रही है। शिकायतें मिलने के बावजूद विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।सूत्रों के अनुसार, गौरीगंज में कुछ शराब की दुकानों पर अंग्रेजी शराब तय कीमत से ज्यादा दाम पर बेची जा रही है। विशेष रूप से गौरीगंज के नहर पर स्थित वाइन शॉप में एक क्वार्टर बोतल पर सीधे 10 रुपये अधिक वसूले जा रहे हैं। यह मनमानी वसूली दिन और रात दोनों समय हो रही है।जनपद की अन्य शराब की दुकानों पर भी दुकानदार प्रिंट रेट से अधिक पैसे वसूल रहे हैं। कुछ लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शराब दुकानदार ग्राहकों से खुलेआम लूट कर रहे हैं। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों में अंग्रेजी और देशी शराब प्रिंट रेट पर ही मिलती है।इस मनमानी वसूली से शराब पीने वालों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, वहीं सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। पूरी जानकारी होने के बावजूद आबकारी विभाग इस मामले में खामोश बैठा है और कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।गौरतलब है कि प्रिंट रेट से अधिक दाम पर शराब बेचना एक गंभीर अपराध है। पहली बार पकड़े जाने पर 75,000 रुपये तक का जुर्माना, दूसरी बार 1,50,000 रुपये तक का जुर्माना और तीसरी बार पकड़े जाने पर दुकानदार का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।