बाइक सवार बदमाशों नें टेंट व्यवसाई से 3 लाख 35 हजार लूटकर फरार

टेंट व्यापारी से पहले पूछा पता,फिर तान दिया तमंचा

अमेठी। जनपद में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और अपराधियों को पुलिस का खौफ नहीं रहा। बुधवार को मोहनगंज थाना क्षेत्र में टेंट व्यवसाई से 3 लाख 35 हजार रुपये की लूट की घटना सामने आई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यवसायी से बैग लूट लिया व मौके से फरार हो गए। यह घटना दिनदहाड़े हुई, जब पीड़ित बैंक में पैसे जमा करने जा रहा था। पूरी घटना जनपद के तिलोई रोड स्थित 200 बेड रेफरल अस्पताल के पास की है जहां टेंट व्यवसायी कन्हैया लाल यादव राजा फत्तेपुर गांव निवासी अपनी बाइक पर 3 लाख 35 हजार रुपये लेकर बैंक जा रहे थे तभी अचानक पीछे से अपाचे सवार बाइक पर तीन बदमाश आ धमके। पहले तो उन बदमाशों ने पता पूछने के बहाने कन्हैया से बातचीत शुरू की, फिर एक बदमाश ने तमंचा निकालकर उसे डरा दिया। बदमाशों ने कन्हैया के बाइक की हैंडल में लटका रुपयों से भरा बैग झपट लिया और फरार हो गए। पीड़ित कन्हैया लाल यादव किसी तरह से मोहनगंज थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ अजय सिंह व एसएचओ राकेश सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएचओ राकेश सिंह ने कहा, पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश के लिए नाकेबंदी की गई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर इस मामले का खुलासा किया जाएगा। कन्हैया लाल यादव ने बताया, मैं 3 लाख 35 हजार रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था। तभी तीन युवक अपाचे बाइक पर आए और मुझसे पता पूछने लगे। जैसे ही मैंने पता बताया, उनमें से एक ने तमंचा तान दिया। रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।