अधिकारी को पता नहीं गायब हो गए सरकारी खजाने से पैसे आया मैसेज मचा हड़कंप

ग्राम विकास अधिकारी की शिकायत पर बाबा इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर अमरेश गिरि के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

 

अमेठी बाजार शुकुल  विकासखंड के तीन ग्राम पंचायतों में बगैर डोंगल के 17 लाख 91 हजार 950 रुपया जालसाजों द्वारा उड़ा दिया गया। ग्राम पंचायत सचिव के मोबाइल पर धन निकलने का संदेश पहुंचते ही होश उड़ गए। ग्राम विकास अधिकारी द्वारा खंड विकास अधिकारी को सूचना देने के बाद हड़कंप मच गया। खंड विकास अधिकारी द्वारा तीनों ग्राम पंचायत के खातों पर रोक लगाते हुए ग्राम पंचायत सचिव को स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दिया है।

विकास खंड शुकुल बाजार की ग्राम पंचायत तेंदुआ संसारपुर व खेममऊ में ग्राम पंचायत सचिव के पद पर जितेंद्र बहादुर सिंह कार्यरत हैं।

मंगलवार की शाम 6:01 पर उनके मोबाइल पर मैसेज पहला मैसेज तीन लाख दूसरा मैसेज तीन लाख बीस हजार का आया। सचिव द्वारा ग्राम प्रधान खेममऊ सरजू पाल,तेंदूआ ग्राम प्रधान दान बहादुर गुप्ता, तथा संसारपुर प्रधान अनीता देवी से बात किया और मोबाइल पर आए मैसेज की जानकारी दी। बुधवार को सुबह बैंक खुलने के बाद बैंक ऑफ़ बड़ौदा की शाखा शुकुल बाजार पर पहुंचे ग्राम पंचायत सचिव द्वारा स्टेटमेंट निकलवाया गया तो पता चला कि तीनों ग्राम पंचायत के केंद्रीय वित्त व ग्राम निधि प्रथम के खातों से 17 लाख 91हजार 950 रूपया बाबा इंटरप्राइजेज मे ट्रांसफर हुआ है। जो कि 28 अक्टूबर से 7 जनवरी तक सात बार तीनो ग्राम पंचायतों से अलग-अलग तिथियों में ट्रांसफर हुआ है ।सचिव जितेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि जब हम लोग डोंगल लगाकर पेमेंट करते हैं तो आर लिखकर आता है। किंतु जो हमारे खातों से पैसा गायब हुआ है उस पर सी लिख कर आया है यह कैसे हुआ हमको जानकारी नहीं है। ऐसा प्रतीत होता है की इसमें बैंक की भी मिली भगत हो सकती है। खंड विकास अधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत सचिव ने बाबा इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर अमरेश गिरि पुत्र रामनाथ गिरी निवासी तेंदुआ के विरुद्ध पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है।

 

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अंजली सरोज ने बताया कि सचिव की सूचना के बाद तीनों ग्राम पंचायत के खातों पर रोक लगवा दी गई है। विकास खंड के सभी ग्राम पंचायतों का स्टेटमेंट मंगवाया गया है इसी के तहत सभी सचिवो से अपनी ग्राम पंचायतों के खातों की जांच करने का निर्देश दिया गया है। पूरे मामले की जानकारी विभागीय उच्च अधिकारियों को दी गई है।

 

इस संबंध में थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जाएगी ।